शीशगढ़ की टूटी सड़कों से कांवड़ यात्रा पर संकट, मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

शीशगढ़। कांवड़ यात्रा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन नगर पंचायत शीशगढ़ की जर्जर सड़कें इस पवित्र यात्रा में बाधा बनने को तैयार हैं। बहेड़ी रोड से लेकर विलासपुर अड्डा तक मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब है। गड्ढों से भरी यह सड़क न केवल कांवड़ियों की आस्था की परीक्षा ले रही है, बल्कि उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही है।

सरकार द्वारा गड्ढा मुक्त सड़क अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते हालात सुधरने की बजाय और बिगड़ते जा रहे हैं। कस्बा निवासी के.पी. शर्मा ने इस गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री पोर्टल पर उठाते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में शिवभक्त इसी मार्ग से हरिद्वार के लिए निकलते हैं, लेकिन टूटी सड़क से गिरने और घायल होने का खतरा बना हुआ है। खासकर नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित मेन तिराहा पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे हर गुजरने वाले श्रद्धालु को जोखिम उठाना पड़ सकता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं कांवड़ यात्रा से पहले सभी मार्गों को दुरुस्त कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद शीशगढ़ में जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं दिख रही।

इस संबंध में जब जेई विवेक त्रिवेदी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी नहीं थी। यदि सड़कों पर गड्ढे हैं तो वह इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर मरम्मत का प्रयास करेंगे।

स्थानीय लोगों की मांग है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले शीशगढ़ की प्रमुख सड़कों को तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि शिवभक्तों की आस्था को ठेस न पहुंचे और यात्रा सुरक्षित ढंग से सम्पन्न हो सके।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज