सुभाष नगर की उपेक्षा के विरोध में युवक कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन, कैंट विधायक का पुतला दहन करने का प्रयास

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

बरेली। सुभाष नगर क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर युवक कांग्रेस का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर नजर आया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष साहिब सिंह के नेतृत्व में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल का पुतला फूंकने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिस बल ने पुतला जब्त कर लिया, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक और छीना-झपटी भी देखने को मिली।

प्रदर्शन की शुरुआत सेठ दामोदर स्वरूप मार्ग से हुई, जो नारेबाजी के साथ चौकी चौराहा की ओर बढ़ा। जैसे ही कार्यकर्ता पुतला दहन की तैयारी करने लगे, पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर पुतला अपने कब्जे में ले लिया।

इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि पुलिस ने भले ही आज पुतला छीन लिया हो, लेकिन यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है। युवक कांग्रेस का जोश और जनसमस्याओं के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

जिलाध्यक्ष साहिब सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सुभाष नगर में पुलिया समेत कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से जस की तस हैं। क्षेत्र में बीजेपी के विधायक और मेयर होने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हो रही। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो अगला पुतला लखनऊ विधानसभा के सामने जलाया जाएगा और हम अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पंडित राज शर्मा, शुक्रविंदर सिंह, तनवीर सिंह, अली प्रधान, अमन सिंह, मोनू सिंह, गोविन्द सिंह, अमजद मामू, नबी हसन, धर्म सिंह, फतह सिंह, शंकर सिंह, पीलू सिंह, सतनाम सिंह, सोहिब खान, मोहम्मद हनीफ, आदित्य सिंह, अनवर अली, रशीद, फैजल, कारण सिंह, अर्जुन सिंह और बंटी सिंह मौजूद रहे।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment