
पंकज गुप्ता
वरिष्ठ संवाददाता,
बदायूं | इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव में पत्नी को न भेजने पर गुस्साये पति ने रात में घर में घुसकर अपने ससुर का बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी।ससुर की हत्या करने के बाद दामाद हाथ में फरसा लिये एक गांव से गुजर रहा था।शक होने पर ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।वहीं बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दामाद अपनी पत्नी के साथ करता था मारपीट
जानकारी के मुताबिक वृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के ग्राम भुसाया निवासी रामसिंह (60) पुत्र प्राणसुख की देर रात जिला सम्भल थाना बहजोई क्षेत्र के ग्राम मंडनपर निवासी जमुना प्रसाद ने घर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जाता है कि 25 साल पहले रामसिंह ने अपनी बेटी गुड़िया की शादी जमुना प्रसाद से की थी।मृतक के परिजनों ने बताया जमुना प्रसाद शराब पीकर अपनी पत्नी को मारता-पीटता था।जब गुड़िया ने अपने पिता को मारने-पीटने के बारे में बताया तो वह तीन-चार माह पहले अपनी बेटी को अपने घर बुला लाये।
पत्नी नहीं भेजने पर दामाद ने ससुर को उतारा मौत के घाट
जमुना प्रसाद अपनी पत्नी गुड़िया को बार-बार बुलाने आता था और रामसिंह बेटी को भेजने से मना कर देता था।पत्नी को न भेजने से गुस्साया जमुना प्रसाद देर रात दीवार कूदकर ससुराल में दाखिल हो गया और ससुर रामसिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।हत्या करने के बाद वह फरार भी हो गया।रात में ही वह पैदल-पैदल गांव के रास्ते आठ किमी दूर अपने गांव मंडनपुर जा रहा था।तभी रास्ते में ग्रामीणों ने हाथ में फरसा देख शक होने पर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।वहीं पकड़े गये आरोपी ने ससुर की हत्या करने की बात कुबूल की है।




