
पंकज गुप्ता
उझानी।नगर के मौहल्ले में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति दहेज की मांग कर उसे मारता पीटता था।मांग पूरी न होने पर उसने उसे फोन पर तलाक दे दिया।महिला ने पति व ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रविवार को नगर के मौहल्ला किला खेड़ा निवासी रेशमा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी मां शकीला ने उसकी शादी चार साल पहले तौफीक उर्फ लल्ला निवासी ग्राम जमुनिया दौलतपुर थाना जलालाबाद शाहजहांपुर के साथ की थी। रेशमा का कहना है कि शादी के बाद से उसका पति तौफीक उर्फ लल्ला,सास सितारा,जेठ मुन्ना दहेज में दो लाख रुपये और बुलट मोटर साइकिल की मांग करने लगे।मांग पूरी न होने पर वह उसे मारने पीटने लगे।रेशमा ने आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के कुछ समय बाद तीनों ने उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की।
रेशमा ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह तंत्र विद्या कर लोगों को ठगता फिरता है और उसके एक महिला से अवैध संबंध भी है।रेशमा का कहना है कि उसके पति ने उसकी मां का एक प्लाट 90 हजार रुपये में गिरवी रख कर ठग लिया। रेशमा ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि चार माह पहले उसके पति ने अपनी मां और भाई के साथ मिल कर उसे घर से निकाल दिया था।जब से वह अपने मायके में रह रही है।रेशमा ने बताया कि जब उसकी मां दहेज की मांग पूरी नहीं कर पायी तो उसके पति ने उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया।जिसकी उसके पास रिकार्डिग भी है।रेशमा ने बताया तीन तलाक देने के बाद उसका पति शनिवार को अपने तीन साथियों के साथ उसके घर आया और दहेज की मांग की जब मना किया तो उसे मारने लगा।बमुश्किल उसकी मां और भाई ने उसे बचाया।




