बरेली। दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई थी, के बाद बरेली में अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस घटना के बाद शहर के होटल, अस्पताल और अन्य भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी गई है।
अभियान के पहले दिन दमकल विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख होटल स्वर्ण टॉवर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी अधिकतर व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप और संतोषजनक पाई गईं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान किसी विशेष आपात स्थिति के तहत नहीं बल्कि नियमित चेकिंग प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से सघन रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अगले 7 दिनों तक लगातार शहर के होटल, अस्पताल, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संचालित किया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
सीएफओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, फायर अलार्म सिस्टम, स्प्रिंकलर व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों की विस्तार से जांच की जा रही है। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, संबंधित संस्थानों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किसी भी स्थिति में अनिवार्य है और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनु शर्मा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने होटल और अस्पताल संचालकों से अपील की कि वे नियमित रूप से फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच कराते रहें और कर्मचारियों को भी आग से बचाव का प्रशिक्षण दें।
अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में अन्य प्रतिष्ठानों की जांच में भी कमियां सामने आ सकती हैं, जिसके लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



