आधी रात करगैना में खौफनाक वारदात: लूट के विरोध पर युवक की गोली मारकर हत्या

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के करगैना इलाके में शुक्रवार देर रात घर में घुसे बदमाशों ने लूट के प्रयास के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से आंवला क्षेत्र के तिगरा खानपुर निवासी 40 वर्षीय जोगेंद्र करगैना में रेलवे लाइन के पास अपना मकान बनवा रहे थे और यहीं रह रहे थे। वह सब्जी आढ़त का काम करते थे। उनके रिश्तेदार धर्मेंद्र, जो पुलिस विभाग में सिपाही हैं, का भी पास में मकान निर्माणाधीन है।

बताया गया है कि रात करीब एक बजे घर के बाहर आहट हुई। कुत्ते के भौंकने पर जोगेंद्र और उनकी पत्नी अनीता की नींद खुल गई। दोनों छत की ओर देखने पहुंचे, जहां बदमाशों से सामना हो गया। जोगेंद्र ने डंडे से विरोध किया तो हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश घर में रखा एक बैग लेकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारिक, सीओ सिटी सेकेंड अंजनी कुमार और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि करगैना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में चोरी के विरोध के दौरान फायरिंग की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज