
अलीगढ़, 29 अप्रैल। लोधा थाना क्षेत्र के गांव भानौली में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुये प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा करते हुये पीठासीन अधिकारी से मारपीट करते हुये मतपत्र फाड़ते हुये मत पेटियां लूटी। मौके पर एसडीएम और सीओ भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट पर पुर्न मतदान और थाने में रिपोर्ट कराई जायेगी।

गांव भानौली में वर्तमान प्रधान काली चरन शर्मा की पुत्रवधू राधा पत्नी रविन्द्र और पूर्व प्रधान जगदीश शर्मा की पुत्रवधू पुनीता प्रधान पद की प्रत्याशी है। राधा पक्ष के समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी आदि पर दूसरे पक्ष से पैसे लेकर फर्जी मत डलवाने का आरोप लगाते हुये हंगामा किया। पुलिस ने लठियाते हुये इन्हें खदेड़ दिया। पुनीता पक्ष ने आरोप लगाया कि जब मतपेटियां सील करने का समय आया तभी दूसरे पक्ष की महिलाओं सहित भीड़ आई और पीठासीन अधिकारी से मारपीट कर मतपत्र फाड़ दिये और मतपेटियां छीन ले गये। सूचना पाकर एसडीएम खैर अंजनी कुमार और सीओ शिव प्रताप सिंह मय पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ कर स्थिति को शान्त किया। फटे मतपत्र व मतपेटियां बरामद कर ली।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त विधान जायसवाल ने बताया कि पीठासीन अधिकारी से अभद्रता कर मतपत्रों से छेड़छाड़ की जानकारी मिली है। पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट आने पर मतदान निरस्त कर पुर्न मतदान कराया जायेगा। साथ ही उपद्रवियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराया जायेगा।
अलीगढ़ में 74.5 फीसदी हुआ मतदान
अलीगढ़, 29 अप्रैल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आज हुए मतदान में 74.5 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं गांव भानौली में हुए बवाल व मतपत्र फाड़कर मतपेटियां लूटने के मामले में पुर्नमतदान कराया जायेगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी विधान जयसवाल ने उक्त जानकारी दी।




