बरेली में 14 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, 12 जिलों के युवा होंगे शामिल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सेना की अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर बरेली में प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। 14 सितंबर से 30 सितंबर तक जाट रेजिमेंट सेंटर परिसर में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

इसमें बरेली समेत 12 जिलों के 12 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। युवाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भर्ती स्थल पर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।

 

भर्ती के संबंध में जानकारी देते हुए डीएम बरेली अविनाश सिंह

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि भर्ती रैली को लेकर कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और सेना के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक में आयोजन को व्यवस्थित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

डीएम ने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और बिजली विभाग समेत संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्व समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। भर्ती स्थल पर बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के साथ रात में प्रकाश, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए फूड एंड ड्रग्स विभाग की टीम सक्रिय रहेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ, कंप्यूटर ऑपरेटर, कंप्यूटर और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में ब्रिगेडियर रजनीश अय्यर, सूबेदार मेजर अनिल कुमार और नायब सूबेदार संजय कुमार सहित प्रशासन और सेना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कराई जाएंगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment