बरेली।
नारियावल निवासी रिजवान बुधवार रात तेज आंधी और तूफान के बीच दीवार गिरने की चपेट में आ गए थे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की हर संभव कोशिश की। लेकिन इलाज के दौरान रिजवान ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार रिजवान मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ महीने पहले ही उनके घर जुड़वा बेटियों का जन्म हुआ था। बेटियों के आने से परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया।
रिजवान की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। मृतक के पिता ने सरकार से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की माली हालत कमजोर है और बेटे की मौत के बाद घर चलाने की जिम्मेदारी और मुश्किल हो गई है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मासूम बेटियों का भविष्य अब लोगों की चिंता का विषय बना हुआ है।




