बहेड़ी। रोजी-रोटी कमाने निकला एक मजदूर शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गया। ट्रक की बॉडी तैयार करने के दौरान एल्युमिनियम की पट्टी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार बहेड़ी क्षेत्र के सकरस गांव निवासी 35 वर्षीय नन्हे पुत्र लियाकत खां ट्रक बॉडी निर्माण का काम करते थे। शुक्रवार को वह ट्रक यूनियन रोड स्थित अपोलो टायर एजेंसी के सामने खड़े एक ट्रक पर एल्युमिनियम की पट्टी फिट कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लंबी पट्टी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई।
हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही नन्हे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे इस प्रकार का कार्य करना बेहद जोखिम भरा था। लोगों ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। बताया जाता है कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
मृतक नन्हे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




