बरेली। प्रदेश में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश फिटनेस फेडरेशन (रजि.) ने महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार को बरेली में आयोजित संगठन विस्तार एवं सम्मान समारोह में प्रदेश और जिला स्तर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मिनी बाईपास स्थित फेडरेशन के प्रदेश कार्यालय नाइस जिम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य फिटनेस के क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नई नियुक्तियों के तहत फौजी चरण सिंह यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष, मोईन उद्दीन को बरेली मंडल जनरल सेक्रेटरी और आलम सिद्दीकी को बरेली मंडल कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं एडवोकेट परवेज हुसैन को जिला बरेली अध्यक्ष, शादाब हुसैन को जिला बरेली सचिव, वर्षा सिंह को जिला बरेली ज्वाइंट सेक्रेटरी और शिवम वार्ष्णेय को जिला बदायूं अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्ति पत्र देकर किया सम्मानित
समारोह में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। संगठन की ओर से उन्हें निर्धारित ड्रेस कोड और टाई पहनाकर सम्मानित किया गया। फूल-मालाओं से स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और फिटनेस गतिविधियों के विस्तार में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
प्रदेश में फिटनेस अभियान को मिलेगी मजबूती
प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान ने कहा कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करेंगे और लोगों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि फेडरेशन आने वाले समय में फिटनेस के क्षेत्र में जागरूकता और संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यापक बनाएगा।
इस अवसर पर मनमोहन सिंह तनेजा, निसार पहलवान, डॉ. अवसार अहमद, सोनू कश्यप, भीम मनोहर, मोहम्मद रजा, आलम सिद्दीकी, मोमिन खान, अमित चौहान, प्रकाश मुखर्जी, एडवोकेट परवेज हुसैन, चुनमुन यादव, अकीब कुरैशी और अहमद रजा घोषी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



