चार साल से बहन का शारीरिक शोषण कर रहा था भाई, स्पाई कैमरे ने खोला राज; आरोपी गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

जिस भाई पर बहन की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी थी, उसी पर चार साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। रिश्तों को शर्मसार करने वाला यह मामला सामने आने के बाद लोग स्तब्ध हैं। पीड़िता ने जब परिवार को अपनी आपबीती बताई तो उसकी शिकायत पर भरोसा नहीं किया गया। आखिरकार उसने स्पाई कैमरे की मदद से साक्ष्य जुटाए, लेकिन इसके बाद भी परिवार ने उसका साथ नहीं दिया। ऐसे मुश्किल वक्त में सोशल मीडिया उसके लिए सहारा बना। एनजीओ संचालिका साक्षी अजितेश एवं  न्याय शक्ति ट्रस्ट की पहल पर मामला पुलिस के अधिकारियों तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता के मुताबिक, वह एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। घर लौटने पर उसका सगा भाई कथित तौर पर उसके साथ गलत हरकत करता था। युवती का आरोप है कि यह सिलसिला करीब चार साल से चल रहा था। विरोध करने पर आरोपी उसे धमकी देता था। साथ ही माता-पिता को सदमा लगने का डर दिखाकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था। इसी वजह से वह लंबे समय तक अपनी पीड़ा किसी को बताने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।

 

स्पाई कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना

आखिरकार युवती ने अपने कमरे में स्पाई कैमरा लगाकर साक्ष्य जुटाए। कैमरे में आरोपी के कमरे में आने की घटना रिकॉर्ड हो गई। युवती ने जब परिवार को वीडियो दिखाया तो भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उल्टा उसकी नौकरी छुड़वा दी गई और घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई।

सोशल मीडिया बना सहारा, एनजीओ ने पहुंचाई मदद

परिवार से निराश होने के बाद युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से एनजीओ संचालिका साक्षी अजितेश से संपर्क किया। उन्होंने न्याय शक्ति ट्रस्ट के माध्यम से पीड़िता की मदद की और उसे एएसपी के सामने पेश कर शिकायत पुलिस तक पहुंचाई। इसके बाद युवती को घर से बाहर निकालने में भी मदद की गई।

बदायूं से गिरफ्तार कर जेल भेजा

सीओ आशुतोष शिवम के मुताबिक, 27 नवंबर को पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाने में मुकदमा संख्या 1467/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को बदायूं से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निजी अस्पताल में नौकरी करता है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

घटना सुनकर लोग स्तब्ध, पीड़िता की हिम्मत की चर्चा

चार साल तक अपने ही भाई के खिलाफ पीड़ा सहने और फिर सबूत जुटाकर न्याय के लिए आवाज उठाने की इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। लोगों के बीच चर्चा है कि कोई भाई अपनी ही बहन के साथ ऐसा कैसे कर सकता है। वहीं, परिवार के विरोध और मुश्किल हालात के बावजूद शिकायत दर्ज कराने के पीड़िता के फैसले की सराहना हो रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment