बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात में शामिल होने जा रहे एक युवक की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव सोराह निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल अपने ममेरे भाई रामौतार के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। दोनों युवक गांव लमकन से लामीखेड़ा जा रही बारात में शामिल होने के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि जब दोनों भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने कृष्णपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रामौतार का उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल फैल गया।परिजनों के अनुसार, कृष्णपाल BL Agro की फैक्ट्री में नौकरी करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था।
पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है।




