बरेली। भीषण गर्मी के बीच थाना बारादरी क्षेत्र की महेंद्र नगर फेस-1 स्थित डोहरा रोड कॉलोनी में पिछले पांच दिनों से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार बिजली कटौती और देर रात तक सप्लाई बाधित रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि सब स्टेशन और संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
बिजली समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के संयोजक प्रेम शंकर पटेल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल आउटरीच कांग्रेस के प्रदेश सचिव रविन्द्र सहारा एडवोकेट क्षेत्रवासियों के साथ जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन देकर जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
रविन्द्र सहारा और प्रेम शंकर पटेल ने बताया कि 17 मई को क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसे करीब 30 घंटे बाद बदला गया। इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो सके। पिछले कई दिनों से रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे लोगों की रातें जागकर कट रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरूनगला बिजली उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी फोन नहीं उठाते, जबकि जेई और एसडीओ के मोबाइल भी बंद या व्यस्त रहते हैं।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे हरूनगला विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सचिन, दिनेश कुमार, महेश पटेल, अमित पाठक और शशि रानी समेत कई लोग मौजूद रहे।
Seo दीजिए




