बहेड़ी में छह दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए होगा पोस्टमार्टम

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी कस्बे में छह दिन पहले दफनाई गई एक महिला की मौत अब जांच का विषय बन गई है। मायके पक्ष द्वारा मौत को संदिग्ध बताते हुए जहर देकर हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब आगे जांच  पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

पुलिस के अनुसार बहेड़ी के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की पत्नी तस्सुम (50) का 12 जुलाई को निधन हो गया था। उसी दिन परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर शव को स्थानीय कब्रिस्तान में दफना दिया। मृतका का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है।

मृतका के भाई जहीम इलियास ने 16 जुलाई को जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि उसे जहर देकर मारने के बाद जल्दबाजी में दफना दिया गया। उनका यह भी आरोप है कि मायके पक्ष को महिला की मौत की सूचना समय पर नहीं दी गई, जिससे वे अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो सके।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। पुलिस की निगरानी में शव बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतिका तस्सुम अपने पीछे पति, दो विवाहित बेटियां, एक बेटा, बहू और अन्य परिजनों को छोड़ गई हैं। शव निकाले जाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे ।

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मायके पक्ष की शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज