बरेली। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक मासूम सहित दो लोग कुत्तों के हमले में घायल हो गए। दोनों घायलों को परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पहली घटना थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव मुबारकपुर की है। यहां 40 वर्षीय प्रेमपाल पुत्र ख्यालीराम अपने चाचा के घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके चेहरे पर काट लिया। हमले में प्रेमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।
वहीं दूसरी घटना थाना बारादरी क्षेत्र के कटरा चांद खां की है। यहां 5 वर्षीय आरंभ गुप्ता पुत्र गौरव कुमार गुप्ता घर के दरवाजे के पास खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चे के हाथ पर हमला कर दिया। बच्चे के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कुत्ते से बचाया। घायल मासूम को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द समाधान की मांग की है।



