बरेली से सपा का ब्राह्मण कार्ड, सांसद सनातन पांडे ने सरकार पर साधा निशाना

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। समाजवादी पार्टी के बरेली जिला कार्यालय में शुक्रवार को ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और प्रमुख लोगों की मंडल स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक के मुख्य अतिथि बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे रहे। कार्यक्रम में आगामी 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाले समाजवादी विचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र (छोटे लोहिया) की जयंती समारोह की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई।

फोटो। सपा मीडिया

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सनातन पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को लखनऊ में होने वाले जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज के साथ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे समय में अन्याय, जुल्म और भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा को ब्राह्मण समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को लखनऊ कार्यक्रम में शामिल कराने का आह्वान किया।

सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पार्टी ब्राह्मण समाज के सम्मान, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन सामाजिक न्याय, भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा का प्रतीक है।

बैठक में महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष तनवीर खां और पीलीभीत के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनहितकारी बताया।

कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। डॉ. पारितोष शर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सांसद सनातन पांडे का पार्टी पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज