बरेली के जिला अस्पताल में शुक्रवार को एक स्वास्थ्यकर्मी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। अस्पताल के बॉर्न वार्ड में तैनात वार्ड बॉय प्रदीप तिवारी ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार प्रदीप तिवारी मूल रूप से बदायूं जिले के रहने वाले थे और वर्ष 2011 से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार को उनका शव अस्पताल परिसर में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की सूचना भी है। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जांच में निजी कारणों को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक के परिवार में पत्नी और एक विवाहित बेटी है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमेश चंद्रा दीक्षित ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है। वहीं कोतवाली पुलिस का घटना पर बयान आना अभी बाकी है।।




