बहेड़ी में बोले संगीत सोम, “समाज को बांटने वालों से रहें सतर्क, क्षत्रिय समाज हमेशा एकजुट रहे

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

मुमताज़ अली

बहेड़ी। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता संगीत सोम ने क्षत्रिय समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज को बांटने और जातियों के बीच दूरी पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे लोगों की मंशा को समझने की जरूरत है।

नगर में आयोजित समारोह में पहुंचकर संगीत सोम ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि त्याग, साहस और संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समाज को उनके आदर्शों पर चलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत बनाना होगा।


संगीत सोम ने कहा कि यदि समाज अपनी जड़ों और इतिहास से जुड़ा रहेगा तो आने वाली पीढ़ियां भी गर्व के साथ अपने गौरवशाली अतीत को याद करेंगी। उन्होंने कहा कि समाज को कमजोर करने के लिए कुछ लोग जातीय विभाजन की राजनीति करते हैं, लेकिन क्षत्रिय समाज को संगठित रहकर ऐसे प्रयासों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि जब भी समाज को उनकी जरूरत पड़ेगी, वे हमेशा साथ खड़े मिलेंगे।कार्यक्रम में देशभक्ति और सामाजिक एकता से जुड़े गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान कुंवर सिद्धराज सिंह, अनिल चौहान पहलवान दिल्ली, विक्रांत सिंह, केडी सिंह, राहुल सिंह, सर्वेश सिंह, भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज ठाकुर और प्रदेश सचिव अमर ठाकुर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज