बरेली में 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज, तीन दिवसीय आयोजन का पोस्टर जारी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सुन्नी बरेलवी परंपरा के प्रमुख धार्मिक आयोजन 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रज़ा-ए-मुस्तफा की बैठक में तीन दिवसीय उर्स का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। आयोजन अगले महीने 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को दरगाह ताजुश्शरिया और सीबीगंज स्थित मदरसा जामियातुर रज़ा में आयोजित होगा।

बैठक में बताया गया कि उर्स की सभी रस्में काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रज़ा खां कादरी (असजद मियां) की सरपरस्ती में संपन्न होंगी। वहीं, आयोजन की जिम्मेदारी जमात रज़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां और राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की देखरेख में रहेगी।

सलमान मियां ने बताया कि शहर में प्रस्तावित अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों, कानून-व्यवस्था, यातायात और जिला प्रशासन के सुझावों को ध्यान में रखते हुए उर्स की तिथियों में बदलाव किया गया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और होटल एसोसिएशन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है तथा जल्द ही जायरीनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा।

उर्स कोर कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मेंहदी हसन ने बताया कि पोस्टर जारी होने के साथ ही तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया गया है। वालंटियर्स और कमेटी के सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। आगामी बैठकों में लंगर व्यवस्था, वालंटियर प्रबंधन और जमात रज़ा की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।

जमात रज़ा के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि उर्स का पोस्टर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से देश-विदेश में भेजा जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जायरीन आयोजन की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त 2026 को दोपहर 2:38 बजे आला हजरत का कुल शरीफ अकीदत के साथ आयोजित किया जाएगा।
बैठक में उलेमा, उर्स कोर कमेटी के सदस्य और जमात रज़ा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज