यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर बरेली में तैयारियां पूरी, 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली में प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी ने की।

बैठक में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी हरीश चन्द, नोडल समन्वयक प्रो. एस.के. पाण्डेय सहित प्रशासनिक और शैक्षिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़े सुरक्षा प्रबंध, गोपनीयता और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी शुचिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों और केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए।

इस वर्ष जनपद में कुल 5561 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें छह केंद्र एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर, तीन बरेली शहर और चार फरीदपुर क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं।

परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 9:30 बजे तक ही मिलेगा। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक के अंत में जिला समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज