बरेली में सितंबर 2025 में “आई लव मोहम्मद” विवाद के बाद हुए बवाल मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 94 लोगों के खिलाफ विभिन्न मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अब अदालत में इन मामलों की मजबूत पैरवी के लिए मॉनीटरिंग सेल को सक्रिय किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए थे।
बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और कई इलाकों में हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। पुलिस पर हमले और फायरिंग के आरोप भी लगे थे, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली थी कि उपद्रव के दौरान बाहरी इलाकों से असलहे मंगाए गए थे। संवेदनशील इलाकों में स्थिति बिगड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों को खुद मैदान में उतरकर मोर्चा संभालना पड़ा था।घटना के बाद शहर के कई थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने अब तक 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा फिलहाल फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। कुछ आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि कई अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी प्रमुख मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और अब अदालत में मुकदमों की नियमित मॉनीटरिंग कर प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




