बवाल में इस्तेमाल हुए असलहों की सप्लाई का आरोप, पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी
मुमताज अली
बरेली में 26 सितंबर 2025 को आई लव मोहम्मद के समर्थन में हुए बवाल मामले में बहेड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी गफ्फार खां को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बहेड़ी पुलिस ने उत्तराखंड के किच्छा से की। हालांकि आरोपी ने भागने की कोशिश की पर पुलिस के जवानों ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पर बवाल के दौरान इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की सप्लाई कराने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार, सितंबर 2025 में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की ओर से प्रदर्शन के आह्वान के बाद शहर में कई स्थानों पर उपद्रव, पथराव और पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आई थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को अवैध हथियारों के नेटवर्क की जानकारी मिली थी।

पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि गफ्फार खां लगातार फरार चल रहा था और बार-बार ठिकाने बदल रहा था।जांच के दौरान फरवरी में शेरगढ़ तिराहे के पास पुलिस ने एक कार से कई पिस्तौल और कारतूस बरामद किए थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया था कि हथियार उत्तराखंड के कुछ लोगों तक पहुंचाए जाने थे। इसी पूछताछ में बवाल में इस्तेमाल किए गए असलहों के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ था।

बुधवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किच्छा-रुद्रपुर रोड स्थित बाजार क्षेत्र में दबिश देकर गफ्फार खां को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
बहेड़ी के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।




