हज से लौटे हाजियों का शानदार स्वागत, मक्का-मदीना के रूहानी अनुभव सुन भावुक हुए लोग

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। हज यात्रा पूरी कर स्वदेश लौटे हाजियों के सम्मान में बरेली में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कटरा स्थित एक शादी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और हाजियों का फूल-मालाओं व गुलपोशी के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम का आयोजन बरेली हज सेवा समिति के मंडल महासचिव हाजी डॉ. कासिमुद्दीन ने किया। वे अपनी पत्नी शमा रहमान के साथ हाल ही में हज यात्रा पूरी कर वापस लौटे हैं।समारोह के दौरान हज से लौटे हाजी हसीन मियां वारसी ने अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए। उन्होंने हज के दौरान निभाए जाने वाले विभिन्न धार्मिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मक्का और मदीना में बिताए गए पल उनके जीवन की सबसे यादगार धरोहर बन गए हैं। उन्होंने कहा कि काबा शरीफ को पहली बार देखने का अनुभव बेहद भावुक और आत्मिक शांति से भर देने वाला था।

हाजियों ने सऊदी अरब और भारत सरकार द्वारा हज यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के बीच भी सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन देखने को मिला। उन्होंने बताया कि हरम शरीफ में इबादत, काबा शरीफ का तवाफ और मदीना शरीफ की हाजिरी जैसी यादें हमेशा उनके दिलों में जीवित रहेंगी।

कार्यक्रम में मौजूद हाजियों ने भविष्य में हज यात्रा पर जाने की इच्छा रखने वाले लोगों को सलाह दी कि वे अभी से नियमित पैदल चलने की आदत विकसित करें, क्योंकि हज के दौरान काफी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि बरेली हज सेवा समिति के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से उन्हें धार्मिक प्रक्रियाओं को समझने और निभाने में काफी मदद मिली।
हाजियों ने बताया कि हज के दौरान उन्होंने भारत की तरक्की, अमन-चैन, खुशहाली और सभी देशवासियों की सलामती के लिए विशेष दुआएं मांगीं। उनका कहना था कि देश की एकता और विकास के लिए प्रार्थना करना भी उनकी इबादत का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

इस अवसर पर बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खान वारसी ने कहा कि जो लोग आने वाले वर्षों में हज यात्रा पर जाना चाहते हैं, उन्हें अपने पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज समय रहते तैयार कर लेने चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
समारोह में समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और समाजसेवियों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर हाजियों का स्वागत किया और उन्हें हज की मुबारकबाद दी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज