बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मिनी बाइपास स्थित नाइस जिम में ओपन बरेली आर्म्स रेसलिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी ताकत व कौशल का प्रदर्शन किया।
बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन के जिला सचिव नदीम खान ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के लगभग 16 जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में विभिन्न भार वर्गों के अनुसार किया गया। खिलाड़ियों के उत्साह और बड़ी संख्या में सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।
महिला वर्ग में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 52 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद ओपन महिला वर्ग में वंदना ने प्रथम स्थान हासिल किया। रीनू द्वितीय, फरहीन अंसारी तृतीय, प्रियंका चतुर्थ और सोनी कश्यप पंचम स्थान पर रहीं। विजेता खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष पवन सक्सेना ने विजेता महिला खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। योग दिवस पर इस तरह की प्रतियोगिताएं फिटनेस और खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश देती हैं।
पुरुष वर्ग में खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण मुकाबले देर रात तक चलते रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन एवं नाइस जिम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




