छज्जा लगाने के विवाद में चली लाठियां, एक भाई की मौत, दूसरा घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जाम में छज्जा लगाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर में घुसकर हुई लाठी-डंडों की मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

गांव जाम निवासी कुंवर पाल पुत्र ठाकुर दास ने बताया कि पड़ोसी उनके छज्जे के ऊपर छज्जा निकालना चाहते थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर महेंद्र पुत्र मंगलसेन, अनोखे पुत्र कल्याण, करन, हरजीत पुत्र मंगलसेन, धर्मपाल पुत्र कल्याण और रामऔतार पुत्र मंगलसेन घर में घुस आए और उनके भाई इंद्रपाल पुत्र ठाकुर दास के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट में इंद्रपाल के सिर में गंभीर चोटें आईं।

सोर्स । सोशल मीडिया

कुंवर पाल अपने घायल भाई इंद्रपाल को लेकर थाना मीरगंज पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर उक्त लोगों ने कुंवर पाल के दूसरे भाई लक्ष्मण स्वरूप को भी बुरी तरह पीट दिया।

गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण स्वरूप को पहले सीएचसी मीरगंज लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही लक्ष्मण स्वरूप ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंवर पाल की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

समय पर कार्रवाई होती तो टल सकती थी घटना

परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर कुंवर पाल की मां नत्थो देवी ने छज्जा निकालने की शिकायत मीरगंज पुलिस से की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस पहले ही हस्तक्षेप कर देती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक छत पर एक महिला और चार-पांच युवक दिखाई दे रहे हैं, जो ऊपर से पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी अंशिका वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए एक की मौत के साथ एक के घायल होने की पुष्टि की है।

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज