बरेली। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से नवाबगंज में विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से जरूरी परामर्श लिया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी बरेली डॉ. राज किशोर के निर्देशन में आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सालयों की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में यह शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद विधायक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की जांच, उपलब्ध औषधियों, उनके उपयोग और औषधीय गुणों की जानकारी ली। इसके साथ ही मरीजों को दी जा रही दिनचर्या, खान-पान और जीवनशैली संबंधी सलाह के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विधायक डॉ. एमपी आर्य ने आयुर्वेदिक चिकित्सा से जुड़े अपने पिता के अनुभवों का भी उल्लेख किया। उन्होंने हल्दी और अर्जुनारिष्ट के उपयोग तथा आयुर्वेद में इनके महत्व के बारे में जानकारी साझा की।
शिविर में कुल 343 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 160 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल रहीं। मरीजों की उच्च रक्तचाप समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं और जरूरत के अनुसार औषधियों का वितरण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया। योगाचार्यों ने योग के माध्यम से स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के तरीके बताए।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित गंगवार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी यूनानी चिकित्सालय नवाबगंज डॉ. आरिफ, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रिठौरा के प्रभारी डॉ. मनोज कुमार, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अहमदाबाद के प्रभारी डॉ. अनूप कुमार सिंह, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की डॉ. सबानाज सहित संबंधित चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहा।




