SIR के विरोध में सपा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका; महंगाई पर मटके फोड़े

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को बरेली में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के फ्रंटल संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता चौकी चौराहे पर जुटे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा का झंडा जलाकर भी नारेबाजी की और महंगाई के विरोध में मटके भी फोड़े।

सोर्स। अशोक गुप्ता

प्रदर्शन में सपा के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। उनका कहना था कि प्रक्रिया के चलते मतदाताओं के सामने परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए गए।

मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष ऐजाज अहमद ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर पार्टी कार्यकर्ता लगातार अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

सोर्स।अशोक गुप्ता

सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मृति यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई का असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है, जबकि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।स्मृति यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनने का दावा किया। प्रदर्शन को देखते हुए चौकी चौराहे पर पुलिस बल मौजूद रहा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment