बहेड़ी। बिरयानी बेचने का काम करने वाले एक युवक के साथ होटल में नाबालिग छात्रा मिलने के बाद शुक्रवार सुबह बहेड़ी में हड़कंप मच गया। नैनीताल हाईवे स्थित होटल ताज में हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस ने तड़के छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के एक कमरे से युवक और छात्रा को बरामद किया गया। जांच में युवक बालिग जबकि लड़की नाबालिग निकली, जिसके बाद दोनों को थाने ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक मुजाहिद है, जिसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। वह इलाके में बिरयानी बेचने का काम करता है। वहीं छात्रा मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली है और बहेड़ी में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि युवक छात्रा को अपने साथ होटल लेकर आया था और दोनों रातभर वहीं ठहरे थे।
बताया जा रहा है कि मामले की जानकारी हिंदू संगठनों के कुछ पदाधिकारियों को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल में जांच शुरू की। सुबह करीब पांच बजे हुई इस कार्रवाई से होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हिंदू जागरण मंच युवा के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिना सही पहचान पत्र और सत्यापन के कमरे दिए जा रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोपी युवक और होटल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बहेड़ी थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




