बरेली। जिले में आई तेज आंधी और बारिश से प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। जनहानि, पशु हानि और मकानों के नुकसान से प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सबसे पहले बरेली में राहत राशि सीधे पीड़ितों के खातों में भेजी गई है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि आंवला तहसील क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें हैरामपुर गांव की 12 वर्षीय देवकी, बेहटा जूनो गांव की छह वर्षीय लीपी, नंदगांव निवासी 56 वर्षीय घासीराम और उनकी 76 वर्षीय पत्नी गोमती शामिल हैं। जिन दो मामलों में पोस्टमार्टम कराया गया, उनके परिजनों के खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेज दी गई है। अन्य दो मामलों में परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था।
प्रशासन के अनुसार पशु हानि से प्रभावित लोगों को अब तक 15 लाख 33 हजार 500 रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, जिन 30 लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
इधर, आंवला तहसील के बमियाना गांव निवासी घायल नन्हें से अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। नन्हें उस समय घायल हो गए थे जब तेज आंधी में टीन शेड उड़कर उन पर जा गिरा था। प्रशासन ने उन्हें भी दैवीय आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।




