जनकपुरी में दो दिन विराजेंगे बरेली के राजा गणपति बप्पा, 165 किलो लड्डू का लगेगा भोग

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जनकपुरी स्थित शिवाजी पार्क इस वर्ष भी गणपति बप्पा के आगमन का भव्य साक्षी बनेगा। ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी, माँ गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, महिला कल्याण समिति और भैरव सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में 4 और 5 सितम्बर को दसवां ‘द ग्रेट गणपति महोत्सव’

पूरे उत्साह व धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को इस बार श्री गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण बचाओ–देश बचाओ तथा रक्तदान महादान जैसे सामाजिक संकल्पों को समर्पित किया गया है।

प्रेस वार्ता में संस्थापक/राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना ने बताया कि 4 सितम्बर को शिवाजी पार्क में 6.5 फीट ऊँची मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। कलश पूजन का कार्य आचार्य गोपाल कृष्ण ठाकुर के करकमलों से संपन्न होगा। शाम 5 बजे गणपति बप्पा को 165 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा, जो महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा। इसके बाद भजन संध्या, नाट्य मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और महाआरती के बीच सामाजिक शपथ दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, बृज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैन्ट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग शिरकत करेंगे।

5 सितम्बर को दूसरे दिन सुबह 10 बजे हवन-पूजन के उपरांत शिवाजी पार्क से गणपति जी की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। यह शोभायात्रा जनकपुरी और राजेन्द्र नगर होते हुए रामगंगा घाट तक पहुंचेगी, जहाँ विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

डॉ. रजनीश सक्सेना के साथ सी.एल. शर्मा, अनुपम कपूर, अंकुर सक्सेना, अखिलेश शर्मा, संजीव सक्सेना, कनिष्क शर्मा, अभिषेक सक्सेना, रवि सक्सेना, मनीष रस्तोगी, धीरज कुमार, चन्द्रभान सिंह, सचिन श्याम भारतीय, हरजीत कौर, डिम्पल मेहंदीरत्ता आदि पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में जुड़कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज