मुमताज अली
बरेली। बहेड़ी क्षेत्र के शकरस गांव में सोमवार दोपहर घर की सफाई करते समय करंट लगने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। महिला की मौत से उसके दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

शकरस गांव निवासी स्वाति (26) पत्नी प्रजेंद्र सोमवार दोपहर घर की साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें बहेड़ी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्वाति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दक्ष सात साल का है, जबकि छोटा बेटा लक्ष्य चार साल का है। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की करंट लगने से मौत हुई है। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



