मुनीब जैदी
बरेली। बरेली के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में रविवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की। कार्यक्रम में उन्होंने जहां शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया, वहीं अपने संबोधन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। साथ ही बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा।

मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें रिदम शर्मा, आरुषि मौर्य, दीपिका मौर्य, भूमिका मौर्य, सोनू कुमार, डॉ. राजेश कुमार मौर्य, विनय कुमार मौर्य, विशेष भारत गंगवार, रेखा मौर्य, उदिता सक्सेना, स्वाति गंगवार, सजल सक्सेना, शालिनी यादव, यशी भादुज, यामिनी चौहान, अमृता पटेल, प्रयांशी पुष्पक, हर्ष शाक्य, हेमराज मौर्य, संस्कृति चौधरी और अखिलेश कुमार मौर्य सहित कई नाम शामिल रहे। एमटीसी कंप्यूटर में गोल्ड मेडल हासिल करने वालों को भी सम्मानित किया गया।
वन मंत्री ने गिनाईं विकास कार्यों की उपलब्धियां
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने अपने संबोधन में जिले में हुए विकास कार्यों और पौधरोपण अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण कराया गया है। बरेली में नाथ मंदिरों के आसपास सड़कों का चौड़ीकरण, बस अड्डे का निर्माण, सीबीगंज में पार्क और अस्पताल जैसे काम कराए जा रहे हैं। उन्होंने 300 बेड के अस्पताल को और बेहतर बनाने की बात भी कही।
सपा सरकार में अपराधियों का बोलबाला था: केशव मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने भाषण में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी थी, लेकिन उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी। उनके मुताबिक, उस दौर में अपराधियों और माफिया का दबदबा था और पुलिस भी उनसे डरती थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में अब अपराधी पुलिस से डरते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का जिक्र किया। आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई की है। देश की सैन्य ताकत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बरेली में बैठकर रावलपिंडी को तहस-नहस किया जा सकता है।
तेल और गैस की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसका असर आम लोगों पर कम से कम पड़ने देने के प्रयास किए हैं। थोरियम का जिक्र करते हुए उन्होंने भविष्य में इसके इस्तेमाल की संभावनाएं भी बताईं। छोटे कारोबारियों के लिए सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब कोई भी व्यक्ति अपना रोजगार शुरू करने के लिए सरकारी सहायता प्राप्त कर सकता है।
अखिलेश को अयोध्या नहीं, मथुरा जाने की दी चुनौती
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें सभी समाज के लोगों को साथ लेकर चलने की बात की जाती है। उन्होंने विपक्ष पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
अयोध्या और मथुरा के मुद्दे पर अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अयोध्या के बजाय मथुरा जाना चाहिए और भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। ईदगाह हटाने और मंदिर निर्माण के मुद्दे पर भी उन्होंने अखिलेश यादव से अपनी स्थिति साफ करने की चुनौती दी।
आरक्षण को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस लोगों के बीच यह भ्रम फैला रही हैं कि भाजपा आरक्षण खत्म कर देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर इन आरोपों का जवाब देने की अपील की।भाजपा के वोट बैंक को लेकर उन्होंने दावा किया कि पार्टी को 100 में से 60 प्रतिशत वोट मिलने का भरोसा है, जबकि बाकी 40 प्रतिशत वोटों में भी भाजपा की हिस्सेदारी है।

2027 में बरेली की सभी नौ सीटों पर जीत का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा तीसरी बार प्रदेश में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा। कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी के कमल निशान को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि टिकट के लिए कई लोग दावेदारी करते हैं, लेकिन चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार और कमल का निशान ही सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे बीएलओ से संपर्क करें। प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।



