41.05 करोड़ में बिकी केसर मिल की जमीन, हजारों किसानों की बकाया रकम मिलने की बढ़ी उम्मीद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। लंबे समय से गन्ना मूल्य भुगतान का इंतजार कर रहे बहेड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित बंद केसर चीनी मिल की 11.4443 हेक्टेयर जमीन आखिरकार 41 करोड़ पांच लाख रुपये में नीलाम हो गई। तहसील परिसर में हुई नीलामी में दो कंपनियों के बीच बोली को लेकर मुकाबला हुआ। अंत में एएनजी इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे ऊंची बोली लगाकर जमीन अपने नाम कर ली। अब किसानों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नीलामी से मिलने वाली रकम से उनका वर्षों से लंबित गन्ना भुगतान कब तक हो सकेगा।

सोर्स।मुमताज अली

प्रशासन की ओर से जमीन का न्यूनतम बोली मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। नीलामी प्रक्रिया में शारदा प्राइवेट और एएनजी इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने हिस्सा लिया। शुरुआत में शारदा प्राइवेट ने 41 करोड़ रुपये की बोली लगाई। इसके बाद एएनजी इंफ्रा ने पांच लाख रुपये अधिक की बोली लगाकर 41.05 करोड़ रुपये में जमीन हासिल कर ली। इस तरह जमीन निर्धारित न्यूनतम मूल्य से करीब 6.05 करोड़ रुपये अधिक में बिकी।

नीलामी की खबर से उन हजारों गन्ना किसानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिनका केसर चीनी मिल पर लंबे समय से करोड़ों रुपये का भुगतान अटका हुआ है। बकाया रकम की मांग को लेकर किसान कई बार आंदोलन और प्रदर्शन भी कर चुके हैं। ऐसे में जमीन की नीलामी को भुगतान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, किसानों को भुगतान की तारीख और प्रक्रिया को लेकर अभी प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी का इंतजार है।

नीलामी के दौरान बड़ी संख्या में किसान और किसान नेता तहसील परिसर पहुंचे। भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि संगठन के लगातार संघर्ष और प्रयासों से इस बार जमीन की बोली पिछली नीलामी के मुकाबले 13 लाख रुपये अधिक पहुंची है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को उनका बकाया गन्ना मूल्य जल्द दिलाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

इस दौरान एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार वीरपाल सिंह, मिल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। फिलहाल जमीन की बिक्री के बाद किसानों की निगाहें प्रशासन पर हैं। उनकी मांग है कि नीलामी से प्राप्त धनराशि से सबसे पहले वर्षों से लंबित गन्ना भुगतान कराया जाए, ताकि आर्थिक परेशानी झेल रहे किसानों को राहत मिल सके। एडीएम वित्त संतोष कुमार ने केसर चीनी मिल की नीलामी की पुष्टि की है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment