बरेली। जनगणना-2027 को लेकर बरेली जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार से जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में परिवार और स्टाफ के साथ ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएम ने बताया कि स्वगणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया में कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे, जिसे पूरा करने में लगभग 10 से 12 मिनट का समय लगेगा।

स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल पर एक यूनिक एसई आईडी जनरेट होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा। एक दिसंबर से जब जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इससे प्रगणकों को दर्ज की गई जानकारी का मिलान करने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने में आसानी होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मई-जून के दौरान भवनों की गणना और मकानों का सूचीकरण किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। ये आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।
डीएम ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर स्वयं ऑनलाइन स्वगणना करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। इस मौके पर एडीएम (वि./रा.) संतोष कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



