बरेली । फरीदपुर में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं के सम्मान और प्रोत्साहन का अनूठा संदेश दिया गया। कन्या पूजन से लेकर नवजात बेटियों के जन्मोत्सव तक, पूरे आयोजन ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत किया।
ब्लॉक फरीदपुर स्थित भारत माता मंदिर में राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती पुष्पा पांडे की अध्यक्षता में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मोनिका राणा, केंद्र प्रबंधक चंचल गंगवार, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रिंकी सैनी और काउंसलर रसना गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फरीदपुर की 101 छात्राओं को विधिवत कन्या भोज कराया गया। साथ ही बेटियों के सम्मान स्वरूप उन्हें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के प्रतीक चिह्न के रूप में टिफिन और पानी की बोतल भेंट की गई।इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 21 नवजात बालिकाओं को बेबी क्लॉथ किट और हिमालया बेबी किट उपहार स्वरूप वितरित की गई। साथ ही अभिभावकों को बेटी के जन्म पर शुभकामनाएं देकर उन्हें बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश समाज में पहुंचाया गया।



