शादी के लिए नहीं मिल रही थी गैस, डीएम ने लिया तुरंत एक्शन; दफ्तर से ही बंटवाए सिलेंडर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। शादी-विवाह के सीजन में गैस सिलेंडर की कमी की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए राहत पहुंचाने का बड़ा कदम उठाया। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की समस्या सुनते ही डीएम ने अधिकारियों को तलब किया और मौके पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कई लोग अपने घरों में होने वाले विवाह समारोह के लिए गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे।

मामला गंभीर देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) और तेल कंपनियों के अधिकारियों को तत्काल बुला लिया।शिकायत करने पहुंचे दिलीप कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई की शादी है, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। डीएम से शिकायत करने पर तुरंत अधिकारियों को बुलाकर मौके से ही सिलेंडर उपलब्ध करा दिए गए।

डीएम के निर्देश के बाद इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों ने तेजी दिखाते हुए सिलेंडर डीएम कार्यालय पहुंचाए, जहां से जरूरतमंदों को वितरित किया गया। इस दौरान एक दूल्हा खुद शादी का कार्ड लेकर पहुंचा, जिसे चार सिलेंडर दिए गए। वहीं एक दिव्यांग व्यक्ति को भी उसके भाई की शादी के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।


दूल्हा विवेश कुमार ने बताया कि उसकी शादी 15 अप्रैल को है और गैस की समस्या आ रही थी। डीएम से शिकायत करने पर उसे भी तुरंत सिलेंडर मिल गए, जिससे बड़ी राहत मिली।
ईटीवी से बातचीत में डीएम अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन विशेष परिस्थितियों में आने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में शादी है, उन्हें संस्तुति के आधार पर चार सिलेंडर तक उपलब्ध कराए जाएंगे।

डीएम की इस पहल से लोगों में खुशी का माहौल है। लाभार्थियों ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से शादी की तैयारियों में अब कोई बाधा नहीं आएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज