बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के बभिया गांव में बुधवार सुबह एक जंगली सांड के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार, रामफेर रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। गांव से थोड़ी दूर पहुंचते ही एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि संबंधित सांड पहले भी गांव में कई लोगों पर हमला कर चुका था, लेकिन इसे पकड़वाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह हादसा टल सकता था।ग्रामीणों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सांड को पकड़कर इलाके को सुरक्षित करने की मांग की है।



