बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर जान लेने की कोशिश की। घटना में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को मीरगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। ग्राम जाम निवासी त्रिमोहन पुत्र मंगली सेन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खेत जोतने के बाद बारिश होने पर ट्रैक्टर घर खड़ा कर मोटरसाइकिल से मीरगंज की ओर आ रहा था। जाम चौराहे पर रुककर वह लोगों से रास्ते की जानकारी कर रहा था। तभी उसका बड़ा भाई सियाराम अपनी पत्नी नारायणी देवी के साथ स्कूटी से वहां पहुंच गया।
आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सियाराम गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई नारायणी देवी भी विवाद में फंस गईं। पीड़ित के अनुसार, सियाराम अपने साथ लाइसेंसी बंदूक लेकर आया था और उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
फायरिंग में गोली नारायणी देवी के हाथ में लगी, जबकि त्रिमोहन के दाहिने हाथ में भी छर्रे लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मीरगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया कि मीरगंज थाने पर जमीनी विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि सियाराम पुत्र मंगली ने अपने छोटे भाई पर लाइसेंसी बंदूक से हमला कर दिया। इस घटना में सियाराम की पत्नी भी घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पीड़ित त्रिमोहन ने मीरगंज थाने में तहरीर देकर आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




