बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा चाढ़पुर गांव के पास स्थित धर्मकांटा के निकट हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामविलास पुत्र हरपाल निवासी गांव सकतपुर वेला, थाना मूसाझाग, जिला बदायूं के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रामविलास मंगलवार सुबह गांव कुंडरा से बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र स्थित गांव अंगूरी में अपने बहनोई के घर जा रहे थे। इसी दौरान भमोरा क्षेत्र में चाढ़पुर स्थित बालाजी धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया गया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने हादसे की जानकारी परिवार को दी। सूचना मिलने पर परिजन सरदार नगर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल की मोर्चरी में शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रामविलास अपने पीछे पत्नी रामलली और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।




