डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार हत्याकांड का खुलासा, मोबाइल चैट देखकर भड़का प्रेमी बना कातिल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के खना गोटिया गांव में खेत से बरामद डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक अशोक उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन मोबाइल में दूसरे युवकों की चैट और फोटो देखने के बाद वह आक्रोशित हो गया और उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस के अनुसार 16 मई को दिल्ली-लखनऊ हाईवे के पास खना गोटिया गांव के खेत में नीतू गंगवार का शव मिला था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और गूगल लोकेशन की जांच की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस की जांच रामपुर जिले के केमरी थाना क्षेत्र निवासी अशोक उर्फ गुड्डू तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई।

फाइल फोटो घटनास्थल

पुलिस के मुताबिक रविवार रात हाईवे पर चेकिंग के दौरान आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब छह साल से नीतू को जानता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी नीतू से शादी करना चाहता था। घटना वाले दिन वह छात्रा को परीक्षा केंद्र से लेने भी गया था। इसी दौरान उसने नीतू के मोबाइल में दूसरे लोगों की चैट और फोटो देख ली थी, जिससे वह गुस्से में आ गया। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी छात्रा को खेत की ओर ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फोटो में एसपी सिटी मानुष पारिक

एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि 16 मई को थाना सीबीगंज क्षेत्र के बड़े बाईपास से सटे गांव खना गोटिया के पास एक खेत में युवती का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्या ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैन्युअल जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलने पर सीबीगंज थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में आत्मरक्षा के तहत की गई कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

अज्ञात युवती का शव ,आज भी पहेली

30 जनवरी 2024 को बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली इलाके में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब नेशनल हाईवे किनारे एक युवती का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। शव चादर में लिपटा हुआ था और युवती के हाथ-पैर बंधे होने से हत्या की आशंका और गहरा गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों तक जानकारी भेजी, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने कई एंगल पर जांच की, आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।

 

समय बीतने के साथ मामला और उलझता चला गया। डेढ़ साल से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद न तो युवती की पहचान हो सकी और न ही हत्यारों तक पुलिस पहुंच पाई।
यह मामला आज भी बरेली पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज