सीएम योगी ने हमारे राजा हिरण्यकश्यप का अपमान किया, जनता चुनाव में जवाब देगी: डॉ. राजपाल कश्यप

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सपा एमएलसी और पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कश्यप समाज के राजा हिरण्यकश्यप को लेकर जो टिप्पणी की है, उससे समाज आहत है। उन्होंने कहा कि इस अपमान का जवाब कश्यप समाज और जनता आने वाले चुनाव में देगी। यह बात उन्होंने बिथरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समाजवादी पार्टी के होली मिलन समारोह में कही।

यह कार्यक्रम लाल फाटक स्थित विमल लॉन में सपा के जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बिथरी विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। समारोह में होली मिलन के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

 


डॉ. राजपाल कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि कश्यप समाज अपने सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि समाज को एकजुट कर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करें।

बहेड़ी से सपा विधायक अताउर रहमान ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाकर अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाना चाहिए।

पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बिथरी विधानसभा में कश्यप समाज की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में बदलाव की इच्छा दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम के आयोजक शिवचरण कश्यप ने कहा कि वह पूरे जिले में कश्यप समाज को जोड़कर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ें और 2027 में सपा को सत्ता में लाने के लिए मिलकर प्रयास करें।

इस मौके पर भोजीपुरा विधायक सहजल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment