बरेली। बरेली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद की है। सुभाषनगर थाना पुलिस ने बदायूं जिले के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव निवासी शोभित गुप्ता के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर, एक मोबाइल फोन और 560 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बरेली-बदायूं हाईवे के रास्ते स्मैक की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रोंधी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक रिश्तेदार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक की सप्लाई पंजाब और आसपास के इलाकों में करता था और इस धंधे से उसे अच्छा मुनाफा मिलता था।
इस मामले में सुभाषनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कह रही है।



