हाईवे पर दौड़ती कार में लगी आग, मिनटों में खाक; चालक ने कूदकर बचाई जान

SHARE:

बल्लिया ओवरब्रिज के पास घटना, धुएं और लपटों से घबराए राहगीर; दमकल ने समय रहते पाया काबू

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। बल्लिया ओवरब्रिज के पास हुई इस घटना में कार कुछ ही मिनटों में जलकर पूरी तरह राख हो गई, जबकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

बताया जा रहा है कि संभल से बरेली की ओर आ रही कार (यूपी 38 ए 4853) में अचानक धुआं उठने लगा। चालक नदीम असगर को जैसे ही खतरे का एहसास हुआ, उन्होंने तुरंत गाड़ी रोक दी और बाहर निकल आए। इसके तुरंत बाद कार में तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। बीच सड़क पर लगी आग से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मीरगंज से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

परसाखेड़ा फायर प्रभारी के के बंसल ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया था। मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस तरह की घटनाएं वाहन सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर रही हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!