बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदोसी गांव में खेत की मेड़ काटने के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

एक पक्ष के भूप किशोर ने आरोप लगाया कि गांव निवासी कैलाश और उनके पुत्र मनोज पिछले कई वर्षों से खेत की मेड़ काटते आ रहे हैं। उनका कहना है कि कैलाश ने अपने खेत की मिट्टी बेच दी थी, जिससे उनका खेत नीचे हो गया। आरोप है कि इसी वजह से वे मेड़ काटकर उनके खेत का पानी अपनी ओर मोड़ लेते हैं और मेड़ को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं।
भूप किशोर के अनुसार मंगलवार को भी मेड़ काटने का विरोध किया गया तो दूसरे पक्ष ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रामचंद्र पुत्र कुंदन लाल और भूप किशोर पुत्र रामचंद्र घायल हो गए।वहीं दूसरे पक्ष के कैलाश ने अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रामचंद्र पक्ष के लोग उनकी खेत की मेड़ काटकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। कैलाश के मुताबिक सुबह मेड़ काटे जाने का विरोध करने पर रूप किशोर, चंद्रपाल, रामचंद्र और बबलू ने फावड़े और डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में कैलाश पुत्र गणेश प्रसाद, उनके पुत्र मनोज और पत्नी हीरा कली घायल हो गईं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने सीबीगंज थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




