बरेली के मीरगंज में पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के रम्पुरा किसान गांव का है, जहां 12 जून को राजेंद्र कुमार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर 14 जून को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर मीरगंज पुलिस ने खमरिया-लभेड़ा मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की और अर्जुन सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मनकरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रम्पुरा किसान स्थित शराब के ठेके के पास खड़ी बाइक को अपनी चाबी से स्टार्ट कर चोरी कर लिया था।
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




