बरेली शहर के चार सबस्टेशन पर गुरुवार को कार्य के चलते अलग-अलग समय में चार घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे मिशन, शाहदाना, महानगर और सिविल लाइंस- 2 के 11 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन सिविल लाइंस-2 और मिशन कंपाउंड सबस्टेशन में आने वाले सिटी स्टेशन और किला फीडर पर बंच केबल डालने और गंगा महारानी मंदिर की शोभा यात्रा में आने वाले मार्ग के तार ऊपर किए जाने का काम किया जाएगा। इसके चलते कुंवरपुर तलैया, अर्क नंबर 4 के पास का क्षेत्र, बिहारीपुर, एक मिनार मस्जिद, चमन की मठिया, बिहारीपुर मेमरान, कसगरान, ढलाव बाली मठिया गंगा महारानी मंदिर के पास का एरिया की विद्युत आपूर्ति सुबह 10 से लेकर शाम 4 बजे तक गुल रहेगी।
इसके अलावा 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन शाहदाना के शास्त्री मार्केट, मठ की चौकी फीडर पर बंच केबल डालने का काम किया जाएगा। जिसके चलते नरकुलागंज, गंगापुर, आलमगिरिगंज, मजदूरों का अड्डा, गंगापुर आदि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुबह 11 से लेकर 3:30 बजे तक बंद रहेगी। वही महानगर सबस्टेशन के 11 केवी शहीद भगत सिंह फीडर पर पेड़ छटाई का काम गुरुवार को किया जाएगा।
इसके चलते विष्णु धाम,राजीव एनक्लेव, कुबेर होम्स आदि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बंद रहेगी। वही 33/11 के वी मिशन कंपाउंड सबस्टेशन के चौपुला फीडर और किला फीडर पर 11 केवी बीसीवी व बसवार लगाने का काम किया जाएगा। इसके चलते चौपुला का एरिया की आपूर्ति बंद रहेगी।
लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग ने किया परेशान
शहर में बुधवार को लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या होने से उपभोक्ता परेशान हुए। कोहाड़ापीर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में फेस नहीं आने की समस्या रही। वहीं कुतुबखाना के दर्जी चौक में पोल से बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाहदाना के कटी कुईया में लोकल फाल्ट के चलते बुधवार की रात 8 से लेकर 9 बजे तक बिजली गुल रही।
कालीबाड़ी में फेस नहीं आने की समस्या रही। सीबीगंज के न्यू आजादपुरम, अशरफ खां छावनी और अन्य इलाकों में भी बिजली का संकट रहा। किला, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, हरुनगला, महानगर और अन्य जगह पर भी लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या रही।
अधिकारियों ने उद्यमियों के साथ की बैठक
औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर बुधवार को अधिकारियों और उद्यमियों के बीच मुख्य अभियंता कार्यालय सभागार में बैठक की गई। भोजीपुरा, परसाखेड़ा, फरीदपुर, सीबीगंज, बहेड़ी, आंवला क्षेत्रों के स्वतंत्र व औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ हुई बैठक में ट्रिपिंग, कटौती व अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बैठक में उद्यमियों ने जो समस्याएं बताई, उनका जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
