बरेली में हादसे ने उजाड़ा परिवार, मां-बेटे की मौत; घायल पिता के सामने खड़ा था जिंदगी का सबसे कठिन पल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर ऐसा मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसे देखकर लोग भी भावुक हो गए। घायल पिता एक तरफ अपने मासूम बेटे को संभाल रहा था, जबकि दूसरी ओर उसकी पत्नी जिंदगी के लिए जूझ रही थी। कुछ ही देर में दोनों ने दम तोड़ दिया।

 

फोटो। सोशल मीडिया

भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव निवासी तस्लीम अपनी पत्नी समीना (28) और दो वर्षीय बेटे अदनान रजा के साथ कल्यानपुर में अपनी बहन के घर गया था। शाम करीब छह बजे तीनों बाइक से वापस अलीनगर लौट रहे थे। सीबीगंज थाना क्षेत्र में अटा कायस्थान के पास हाईवे पर उनकी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में समीना और अदनान रजा गंभीर रूप से घायल हो गए। तस्लीम भी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल होने के बावजूद तस्लीम अपने बेटे को संभालने में जुटा था। एक तरफ मासूम को बचाने की कोशिश और दूसरी तरफ पत्नी की बिगड़ती हालत ने उसे बेहद असहाय कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मदद के लिए आगे आए।

पुलिस के पहुंचने तक समीना और उसके मासूम बेटे की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल तस्लीम को उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गिरफ्तार

पुलिस ने हादसे के मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और वाहन की भूमिका की जांच कर रही है।

समीना की शादी तस्लीम से वर्ष 2021 में हुई थी। मां और बेटे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही अलीनगर और समीना के मायके चिठियां पखुन्नी में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इंस्पेक्टर का बयान:
सीबीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में महिला और उसके बच्चे की मौत हुई है, जबकि महिला का पति घायल है। मामले में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज