रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, मधु की मौत के बाद दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। रक्षाबंधन से पहले जिस परिवार में त्योहार को लेकर उत्साह था, वहां अब सन्नाटा पसरा है। मां की मौत ने दो मासूम बच्चों से उनका सहारा छीन लिया।  बारादरी क्षेत्र की मां वैष्णो पुरम निवासी मधु सिंह बीते गुरुवार को  रक्षाबंधन के  एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं, लेकिन वहां हुई भगदड़ जैसी स्थिति के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

 

फोटो में मृतिका मधु का घर

परिजनों के मुताबिक, मधु सिंह अपने मोहल्ले की करीब 15 महिलाओं के साथ बरेली क्लब में आयोजित रक्षाबंधन मिलन समारोह में पहुंची थीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के आने की बात सामने आई। परिवार का कहना है कि महिलाओं को राखी बांधने के साथ उपहार दिए जा रहे थे। इसी उम्मीद में मधु भी कार्यक्रम में गई थीं।

फोटो में मधु का परिवार

बताया गया कि कार्यक्रम मेयर उमेश गौतम और उनके पुत्र पार्थ गौतम की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने के बाद भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान उपहार लेने और राखी बंधवाने को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा होने की बात कही जा रही है। परिजनों के अनुसार, भीड़ के बीच मधु गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।उन्हें उपचार के लिए मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद सांत्वना का इंतजार

परिवार का कहना है कि हादसे के बाद अब तक कोई जनप्रतिनिधि उनके घर पहुंचकर परिवार का दुख बांटने नहीं आया। परिजनों ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता तथा परिवार के किसी सदस्य को रोजगार देने की मांग उठाई है।

पुलिस को नहीं मिली तहरीर

मामले में एक और अहम बात सामने आई है। परिजनों ने अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है और न ही मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।अब सवाल यह है कि कार्यक्रम में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इन पहलुओं की स्थिति शिकायत और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment