बरेली। कलेक्ट्रेट परिसर में हाल ही में हुई आत्महत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में पुलिस की सतर्कता चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि इससे पहले एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के जवान अमित कुमार अपनी त्वरित सूझबूझ से दो अलग-अलग आत्महत्या के प्रयासों को समय रहते विफल कर चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, थाना बहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला मीना तथा थाना किला क्षेत्र के करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे थे। दोनों मानसिक तनाव और निजी व पारिवारिक समस्याओं से परेशान बताए जा रहे थे तथा आत्मघाती कदम उठाने की स्थिति में थे।
ड्यूटी पर तैनात एलआईयू जवान अमित कुमार ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल स्थिति को संभाला। उन्होंने दोनों को शांत कराया, उनसे बातचीत की और आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना देकर दोनों की काउंसलिंग और आवश्यक सहायता की व्यवस्था कराई गई।
सूत्र बताते हैं कि अमित कुमार इससे पहले भी अवसाद और मानसिक तनाव से जूझ रहे 8 लोगों को समय रहते समझाकर उनकी जान बचा चुके हैं। उनकी सतर्कता और मानवीय व्यवहार के कारण कई संभावित हादसे टल चुके हैं।हालिया कलेक्ट्रेट घटना के बाद भी एसएसपी कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों व एलआईयू की निगरानी और सतर्कता को और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तनावग्रस्त लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें कानूनी और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



